उत्तराखंड: तीन दिन से लापता युवक का मिला शव बरामद, हत्यारे दोस्त गिरफ्तार
ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलभट्टा पुलिस ने तीन दिन पहले लापता हुए एक युवक का शव बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के ही तीन दोस्तों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गांव के बाहर एक हवेली में तीनों ने युवक की हत्या धारदार हथियार से की। सतुईया निवासी बंटी (30) बीते 9 फरवरी की शाम से लापता था। जिस समय वह लापता हुआ था, वह अपनी पत्नी के साथ गांव में था। उसकी मां महाकुंभ गई हुई थी। बंटी की मां जब मंगलवार शाम को महाकुंभ से वापस आई तो उसे पता लगा कि उसका बेटा गायब है।
उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने बंटी का शव बरामद कर उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
