उत्तराखण्डचर्चा मेंदेहरादूनराज्य

उत्तराखंड के ये 58 थाने अब बने कोतवाली, पदोन्नति की तैयारियां भी हुई शुरू

देहरादून। राज्य के उप निरीक्षक स्तर के 58 थाने अब कोतवाली बन गए हैं। शासनादेश जारी कर दिया है। इस आदेश के बाद अब राज्य में इंस्पेक्टर स्तर के थानों की संख्या 112 हो जाएगी। अब इन थानों में इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी प्रभारी बनेगा। इसके साथ ही प्रदेश में एसएचओ स्तर यानि कोतवालियां कुल 112 हो गई हैं। इन थानों में राजधानी के भी सात थाने शामिल हैं।

बता दें कि पुलिस मुख्यालय की ओर से पिछले साल फरवरी में थानों को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस पर गहन विचार विमर्श के बाद इसे कैबिनेट में लाया गया। इससे पहले खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी अध्यक्षता में गृह और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। पिछले दिनों हुई कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी भी मिल गई।

पुलिस की ओर से इन थानों के उच्चीकरण करने के लिए चारधाम यात्रा, कानून व्यवस्था, अपराध और धरना प्रदर्शन का हवाला दिया था। अब बृहस्पतिवार को शासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अब इन नए इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे प्रदेश के कई उन दरोगाओं को लाभ होगा जो लंबे समय से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं।

ये थाने बने कोतवाली…

  • देहरादून- नेहरू कालोनी, रायपुर, राजपुर, रायवाला, सहसपुर, कालसी, प्रेमनगर, चकराता।
  • हरिद्वार – श्यामपुर, कनखल, पथरी, बहादराबाद, भगवानपुर, झबरेड़ा, खानपुर, कलियर, सिडकुल।
  • उत्तरकाशी – उत्तरकाशी कोतवाली, धरासू, बड़कोट, हर्षिल।
  • टिहरी -चंबा, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, घनसाली, कैंपटी।
  • चमोली- गोपेश्वर , गोबिंदघाट, गैरसैंण।
  • रुद्रप्रयाग- ऊखीमठ, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि।
  • पौड़ी – श्रीनगर, लक्ष्मणझूला।
  • नैनीताल – काठगोदाम, कालाढूंगी, तल्लीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर, मुखानी, बनभूलपुरा।
  • ऊधम सिंह नगर – कुंदा, गदरपुर, पंतनगर, नानकमत्ता, ट्रांजिट कैंप, आइटीआइ।
  • अल्मोड़ा – द्वाराहाट, सोमेश्वर, चौखुटिया ,महिला थाना।
  • बागेश्वर – बैजनाथ, कौसानी।
  • पिथौरागढ़ – बेरीनाग, झूलाघाट, मुनस्यारी, गंगोलीहाट।
  • चंपावत – टनकपुर।