उत्तराखंड में 30 अफसरों के तबादले, देहरादून समेत 5 जिलों में नए सीडीओ
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए कुल 30 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारी शामिल हैं। कई जिलों में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बदले गए हैं, वहीं अपर जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों और संयुक्त मजिस्ट्रेटों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1 ने यह आदेश 11 नवंबर को जारी किया। इस फेरबदल का असर देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों के प्रशासनिक पदों पर पड़ा है।
पांच जिलों को मिले नए मुख्य विकास अधिकारी
आदेश के मुताबिक पिथौरागढ़ के सीडीओ दीपक सैनी अब देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी होंगे। उनकी जगह पिथौरागढ़ की कमान प्रवीण कुमार को दी गई है, जो अब तक देहरादून में अपर निदेशक शहरी विकास के पद पर थे।
प्रतीक्षारत चल रहीं अनामिका को अल्मोड़ा का सीडीओ बनाया गया है। ऋषिकेश में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहे दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली और देहरादून में तैनात राहुल आनंद को उत्तरकाशी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिन अधिकारियों को सीडीओ पद से हटाया गया, उन्हें भी नई भूमिकाएं मिली हैं। देहरादून के सीडीओ अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन के साथ पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। चमोली के सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी पंचायती राज निदेशालय के निदेशक होंगे, जबकि आईएएस निधि यादव से पंचायती राज निदेशक का कार्यभार वापस ले लिया गया है।
अल्मोड़ा के सीडीओ रामजी शरण शर्मा को देहरादून में सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए) का अपर निदेशक और उत्तरकाशी के सीडीओ जय भारत सिंह को शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक बनाया गया है।
नगर निकायों में नए आयुक्त
शहरी निकायों के स्तर पर भी बड़े बदलाव हुए हैं। ऊधमसिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहीं आशिमा गोयल को हल्द्वानी का नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि हल्द्वानी के मौजूदा नगर आयुक्त परितोष वर्मा काशीपुर भेजे गए हैं।
काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को बागेश्वर का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। देहरादून में अपर जिलाधिकारी एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी रहीं स्मृता परमार अब रुड़की की नगर आयुक्त होंगी। पौड़ी की डिप्टी कलेक्टर नुपुर वर्मा को रुद्रपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है। देहरादून नगर निगम में अपर नगर आयुक्त का पद चमोली के अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा को मिला है।
कुंभ मेले के लिए भी तैनाती
हरिद्वार कुंभ मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए भी अधिकारियों को लगाया गया है। रुड़की के नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को कुंभ मेला हरिद्वार में उप मेलाधिकारी बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) रहे पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला की जिम्मेदारी दी गई है।
एडीएम और संयुक्त मजिस्ट्रेट स्तर पर बदलाव
हरिद्वार के एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार को देहरादून में अपर जिलाधिकारी और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (काला) बनाया गया है। देहरादून के डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार ऊधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) होंगे और उन्हें जिला विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
कुमाऊं मंडल में अपर आयुक्त रहे जीवन सिंह नगन्याल को गन्ना-चीनी आयुक्त काशीपुर के साथ किच्छा शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक का दायित्व मिला है। कौस्तुभ मिश्रा को मंडी परिषद रुद्रपुर में उप निदेशक बनाया गया है। बागेश्वर के अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल चमोली भेजे गए हैं, जबकि टिहरी के डिप्टी कलेक्टर कमलेश मेहता को रुद्रप्रयाग का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट स्तर पर पौड़ी की गौरी प्रभात को रुड़की और रानीखेत की दीप्ति जोशी को काशीपुर में तैनाती दी गई है।
आदेश जारी होने के बाद अब संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करना है, जिसके साथ ही इन जिलों और निकायों में नई प्रशासनिक टीम काम संभालेगी।
