देहरादून। सोमवार देर रात पौड़ी देवप्रयाग मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रक के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रक में तीन लोग सवार थे। जिनमें से एक का शव मिल चुका हैं, लेकिन दो शवों को निकालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पौड़ी देवप्रयाग मार्ग पर सोमवार देर रात एक ट्रक खाई में गिर गया। आज मंगलवार सुबह दुर्घटना का पता चलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ और पुलिस की टीम एक शव ही खाई से निकाल पाई है और अन्य दो शवों का निकालने का प्रयास जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक देवप्रयाग से पौड़ी जा रहा था। तभी देवप्रयाग सौड में ढाबे के पास दुर्घटना हो गई। बाह बाजार थाना प्रभारी सुनील पंवार ने बताया कि खाई में नदी के दूसरी ओर से दो शव दिखाई दिए। जहां शव गिरे हैं, वहां उतरना भी काफी मुश्किल है। एक शव को तो निकाला जा चुका है, लेकिन बाकी दो शव निकालने में एसडीआरएफ की टीम को मशक्कत करनी पड़ रही है।