Friday , April 19 2024
Breaking News
Home / उत्तरकाशी / उत्तराखंड : मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी जारी

उत्तराखंड : मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार रातभर मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होती रही। जिसके बाद आज रविवार को भी बारिश जारी है। कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी देहरादून सहित राज्यभर में रविवार को भी मौसम खराब बना हुआ है। चकराता, मसूरी, धनोल्टी, औली सहित लगभग सभी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। रविवार सुबह कुछ देर जब बादल हटे तो देहरादून से बर्फ से ढकी वादियों का नजारा साफ दिखा, लेकिन फिर से बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। नैनीताल की ऊंची चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित अन्य जिलों में ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढके हुए हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री व गंगोत्री में भी बर्फबारी हुई है। नई टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली व आसपास के क्षेत्रों में रात भर से बारिश हो रही है। बर्फबारी से यमुनोत्री हाईवे शनिवार देर रात से कई जगह पर बंद हो गया है। हाईवे फूलचट्टी और राडी टाॅप में बंद हो गया है। मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। बारिश-बर्फबारी से रवांई घाटी का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। गीठ पटटी के बारह गांवों का भी तहसील मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है।रिमझिम बारिश से कड़ाके की ठंड  राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शनिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के बाद रविवार को यह दौर जारी रहा। बादल छाये रहने, बारिश होने और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मौसम में ठंडक काफी अधिक बढ़ गई है। मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में आज रविवार को भी बर्फ गिरने का अनुमान है। इसका असर पूरे प्रदेश के मौसम पर दिखेगा।प्रदेश के सभी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण ठंड से जूझना पड़ रहा है। ज्यादातर पहाड़ी जिलों में तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री तक पहुंच गया है। इसके कारण मौसम में ठंड बढ़ गई है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार शनिवार को देहरादून क्षेत्र में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। इस दौरान 2.1 मिमी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। पंतनगर में अधिकतम तापमान 17.6 व न्यूनतम तापमान 7.1, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 1.5 और न्यूनतम तापमान दशमलव चार और नई टिहरी में अधिकतम तापमान 6.2 और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री दर्ज किया गया।  वहीं, अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 9.31 डिग्री रहा।कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्र बर्फ से लकदकउच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रहे हिमपात और निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की वजह से ठंड बढ़ गई है। मुनस्यारी, धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात के बाद निचले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। व्यास घाटी के 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित गर्ब्यांग गांव और अन्य सात गांवों में दो फीट और ऊंचे पहाड़ों पर तीन से चार फीट तक बर्फबारी हुई है।मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, हंसलिंग, छिपलाकेदार में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। उधर, बागेश्वर जिले के पिंडर घाटी के खाती, बदियाकोट, वाथम समेत तमाम इलाकों में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह जमकर बर्फबारी हुई। मौसम का बिगड़ा मिजाज राजनीतिक दलों के लिए परेशानी का सबब बना है। नैनीताल में सप्ताहांत के मौके पर शनिवार को नैनीताल में पांचवीं बार हिमपात हुआ, लेकिन इस बार भी हिमपात केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक ही सीमित रहा।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply