देहरादून। आबकारी महकमे की नाक के नीचे राजधानी में कई अवैध बार धड़ल्ले से चल रहे हैं। ऐसे ही रायवाला में बरसों से दून में बॉडर पर थाने के करीब स्थित एक अवैध बार पाम रिजॉर्ट चल रहा है। जिसमें आबकारी विभाग और पुलिस की मिलीभगत से शराब बेची जा रही है। शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग ने बीते मंगलवार की रात यहां छापा मारकर इस अवैध बार में लाखों की शराब बरामद करते हुए बिक्री का भी खुलासा किया।
आबकारी विभाग ने रायवाला स्थित द पाम रिजॉर्ट में सूचना के आधार पर गत मंगलवार रात छापा मारा और भारी मात्रा में अवैध शराब (महंगी और ब्रांडेड शराब जिसकी कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई गई है) बरामद की गई। इस अवैध बार में बेवड़ों को खूब मदिरा परोसी जा रही थी। महकमे के अधिकारियों ने द पाम्स रिजॉर्ट के मालिक को पकड़ कर धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की है। ऋषिकेश क्षेत्र में जहां सैकड़ों अवैध बार चल रहे हैं, वहां संयुक्त अभियान के तहत पूरी टीम को केवल एक अवैध बार दिखने पर आबकारी विभाग की मंशा सवालों के घेरे में आ गई है क्योंकि शिकायत मिलने के बाद ही आबकारी विभाग के अधिकारी हरकत में आते हैं। दिलचस्प बात यह है कि बिना शिकायत के उन्हें कहीं भी अवैध शराब बिकती नहीं दिखती है। गौरतलब है कि आबकारी विभाग में अधिकारियों की लंबी चौड़ी फौज है, इसके बावजूद बरसों से पाम्स रिजॉर्ट से शराब की धड़ल्ले से हो रही बिक्री पर आबकारी विभाग अब जाकर नींद से जागा है।