Friday , April 12 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / पांच राज्यों में बजा चुनावी डंका!

पांच राज्यों में बजा चुनावी डंका!

  • आयोग ने पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के लिये घोषित किया चुनावी कार्यक्रम
  • 27 मार्च को बंगाल और असम में वोटिंग से शुरुआत, 2 मई को आ जाएंगे सभी राज्यों के नतीजे

नई दिल्ली। आज शुक्रवार को पांच राज्यों में चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। ये राज्य पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनाव शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 8 फेज में चुनाव होंगे। असम में 3 फेज में और बाकी तीनों राज्यों में सिंगल फेज में चुनाव होंगे। वोटिंग की शुरुआत पश्चिम बंगाल और असम से होगी। इन दोनों राज्यों में पहले फेज की वोटिंग 27 मार्च को होगी। पांचों राज्यों में वोटों की गिनती 2 मई को होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों, विकलांग लोगों, जरूरी सेवाओं में लगे जिन लोगों की स्थानीय चुनाव अधिकारी पहचान करेंगे, वे पोस्टल बैलट से मतदान कर सकेंगे। सभी चुनाव अधिकारियों का कोरोना वैक्सीनेशन होगा। वोट डालने का समय 1 घंटा ज्यादा होगा। इन 5 राज्यों में 824 विधानसभा सीटें हैं। इनके लिए इस बार 18.68 करोड़ वोटर हैं और 2.7 लाख मतदान केंद्र होंगे।
उन्होंने एक शेर भी पढ़ा- किसी से हमसुखन होता नहीं महफिल में परवाना, उन्हें बातें नहीं आती, जो अपना काम करते हैं।
पश्चिम बंगाल में 294 सीटें : प्रदेश में अभी तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। 2016 के चुनाव में टीएमसी को 211 सीटें मिली थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 42 में से 18 सीटें जीती थीं। इसलिए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने पूरा जोर लगा दिया है। इस बार का चुनाव टीएमसी बनाम भाजपा हो गया है। यहां कांग्रेस, वामदलों और इंडियन सेकुलर फ्रंट के बीच गठबंधन तय है। फुरफुरा शरीफ की इंडियन सेकुलर फ्रंट को 30 सीटें दी गई हैं।
केरल में 140 सीटों पर लड़ाई : देश में लेफ्ट के आखिरी गढ़ बने केरल में 140 सीटों पर चुनाव होने हैं। यहां लेफ्ट पार्टियों और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार है।
तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटें : यहां 134 सीटें जीतकर AIDMK ने सरकार बनाई थी। DMK को 97 सीटें मिली थीं।
असम में 126 सीटों पर चुनाव : पिछली बार यानी 2016 में यहां भाजपा की सरकार बनी थी। उसे 60 सीटें मिली थीं। सहयोगी दलों को 26 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 26 और AIUDF को 13 सीटें मिली थीं।
पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटें : केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 30 सीटें हैं। यहां विधानसभा में 3 नामित सदस्य होते हैं। यहां अब तक कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार थी, लेकिन पिछले हफ्ते ही कई विधायकों ने कांग्रेस छोड़ दी। इससे सरकार अल्पमत में आ गई। CM नारायणसामी को इस्तीफा देना पड़ा। अभी यहां राष्ट्रपति शासन लागू है।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply