Tuesday , March 26 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / अब जन्न्त में डांस करेंगी बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन!

अब जन्न्त में डांस करेंगी बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन!

अनंत यात्रा पर निकलीं सरोज खान

  • मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर
  • सरोज खान का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था और दो दिन पहले तक संभलती जा रही थी उनकी तबीयत
  • सरोज ने बीते 40 साल में करीब 2 हजार गानों को किया कोरियोग्राफ, 3 बार नेशनल अवॉर्ड जीता

मुंबई। बॉलीवुड में डांसिंग क्वीन के नाम से मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का बीते गुरुवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह कई दिन से सांस लेने में तकलीफ के कारण बांद्रा के हॉस्पिटल में भर्ती थीं। हालांकि उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था। वह 71 साल की थीं।
उनकी छोटी बेटी सुकन्या ने बताया कि लॉकडाउन नियमों को देखते हुए अम्मी को आज शुक्रवार सुबह सात बजे मलाड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिवार ने तय किया है उनकी याद में प्रार्थना सभा तीन दिन बाद की जाएगी। सरोज के परिवार में उनके पति बी. सोहनलाल, बेटा हामिद खान, दो बेटियां हिना और सुकन्या हैं।

मुंबई के मलाड इलाके में कब्रिस्तान के बाहर जमा सरोज खान के परिजन

बीते 24 जून से ही सरोज की तबीयत खराब थी। उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। इसके बाद कोरोना टेस्ट कराया गया। ये निगेटिव रहा था। 40 साल के करियर में सरोज खान ने करीब दो हजार गाने कोरियोग्राफ किए। उन्होंने तीन बार नेशनल अवॉर्ड भी जीता। सरोज खान ने नच बलिए’, ‘उस्तादों के उस्ताद’, ‘नचले वे विद सरोज खान’, ‘बूगी-वूगी’, ‘झलक दिखला जा’ जैसे कई रियलिटी शो में बतौर जज बनकर नई प्रतिभाओं को सामने लाने में अपना अहम योगदान दिया।
किशनचंद संधु और नोनी सिंह के घर जन्मी सरोज का असली नाम निर्मला नागपाल था। उनका जन्म 22 नवंबर, 1948 को हुआ था। पार्टीशन के बाद सरोज का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। सरोज ने करियर की शुरुआत महज 3 साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म ‘नजराना’ से की थी। वर्ष 1974 में आई ‘गीता मेरा नाम’ पहली फिल्म थी, जिसमें सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। इस फिल्म में साधना लीड रोल में थीं।
फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में श्रीदेवी का हवा-हवाई (1987) और 1988 में आई ‘तेजाब’ में माधुरी पर फिल्माया सरोज खान का ‘एक दो तीन’ डांस नंबर बेहद हिट रहा। 1992 में आई फिल्म ‘बेटा’ का गीत धक-धक करने लगा और 2002 की ‘देवदास’ का माधुरी-ऐश्वर्या वाला ‘डोला रे डोला’ उनके सबसे हिट डांस नंबर हैं।

बॉलीवुड की तमाम बड़ी एक्ट्रेस उनके निर्देशन में थिरकती नजर आईं। सरोज खान ने साधना, वैजयंती माला, कुमकुम, हेलन, शर्मिला टैगोर, माला सिन्हा, वहीदा रहमान, जीनत अमान से लेकर रेखा, श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित, करिश्मा, उर्मिला टैगोर, ऐश्वर्या राय, करीना कपूर और सनी लियोनी जैसी अभिनेत्रियों को डांस सिखाया। माधुरी उनकी फेवरेट स्टार थीं। साउथ की कई अभिनेत्रियों को भी उन्होंने डांस स्टेप्स सिखाए।
सरोज खान ने आखिरी गाना अप्रैल 2019 में आई करण जौहर की मल्टी स्टारर फिल्म ‘कलंक’ के लिए कोरियोग्राफ किया था। इसके बोल थे ‘तबाह हो गए’। इस गाने में भी उनकी फेवरेट एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित नजर आईं थीं।
बीते मई माह में सरोज खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया थे। इसमें वह देशवासियों से कोरोना वॉरियरों का सम्मान करने की अपील करते हुए नजर आ रही थीं। सरोज ने इस वीडियो में कहा था- आप क्यों नहीं समझते हैं। बच्चों से जिंदगी मत छीनो। कुछ तो रिस्पेक्ट दिखाओ। भगवान के वास्ते, अल्लाह के वास्ते अपनी देखभाल करो। घर पर रहो।
उनके निधन पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोगों ने दुख जताया है। महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘प्रार्थनाएं, हाथ जुड़े हैं, मन अशांत’। अनुपम खेर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘डान्स की मल्लिका #सरोज खान जी अलविदा। आपने कलाकारों को ही नहीं, बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत ख़ूबसूरती से सिखाया कि “इन्सान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है”। आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली ना सिर्फ़ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूंगा।’

सरोज खान के साथ अपने कुछ फोटोज शेयर करते हुए माधुरी दीक्षित ने लिखा, ‘अपनी दोस्त और गुरु सरोज खान के निधन से मैं टूट गई हूं। डांस में अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचाने में मेरी मदद करने के लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी। दुनिया ने एक अद्भुत प्रतिभाशाली व्यक्ति को खो दिया है। मैं आपको याद करूंगी। उनके परिवार के प्रति मेरी सच्ची संवेदनाएं हैं। 

About team HNI

Check Also

सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, पद नाम और चयन प्रक्रिया बदली, जानिए

Agniveer Bharti 2024 : भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2014 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया …

Leave a Reply