दिल्लीराष्ट्रीय

कोयले की कमी को लेकर केंद्र पर ठीकरा फोड़ बोले मनीष सिसोदिया

देश के पावर प्लांटों में कोयले की कमी की खबरों के बीच दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि राजधानी में बिजली की कटौती का भी फैसला लिया जा सकता है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि यदि कोयले की सप्लाई में कमी जारी रही तो फिर हमें बिजली कटौती का प्लान बनाना पड़ सकता है।

इसके साथ ही उन्होंने भाजपा की लीडरशिप वाली केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि इसी तरह उन्होंने देश में ऑक्सीजन की कमी से भी इनकार किया था। उन्होंने कहा कि अप्रैल में इसी तरह से देश में ऑक्सीजन की सप्लाई में कमी आई थी, लेकिन सरकार ने इससे इनकार किया था। 

मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा, ‘यदि अगले 24 घंटों में दिल्ली में कोयले की सप्लाई नहीं बढ़ी तो फिर हमें पावर कट पर विचार करना होगा। कई पावर प्लांट्स में कोयले की भारी कमी देखने को मिल रही है। केंद्रीय मंत्री ने कोयले की कमी से इनकार किया है और अरविंद केजरीवाल की आलोचना की है। इस बारे में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपा सरकार देश की व्यवस्था को संभालने में फेल रही है और अपनी जिम्मेदारियों से वे भाग रहे हैं। आज जैसा कोयले का संकट है, उसी तरह से राज्य सरकारों ने ऑक्सीजन की किल्लत की ओर भी केंद्र सरकार को ध्यान दिलाया था। तब भी केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग गई थी। अब कोयले की कमी देश में बिजली का संकट पैदा कर सकती है।’ 

ये भी पढ़ें

कोयले की कमी से देश में गहराया बिजली संकट

हमसे फेसबुक में जुड़ने के लिए यहाँ click करे

मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘यह जो पावर क्राइसिस है, उससे देश अंधेरे में जा सकता है। पंजाब, यूपी, राजस्थान, दिल्ली की सरकारों ने केंद्र सरकार से मांगी है, लेकिन उसकी ओर से अब तक कोई समाधान नहीं निकाला जा सकता है। समस्या का हल निकालने की बजाय केंद्र सरकार इस बात पर ज्यादा जोर दे रही है कि राज्य सरकारें गलत हैं। सरकारें सहयोग से चलती हैं।

हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि वह राज्यों के साथ और अधिक सहयोग के साथ काम करे।’ इससे पहले शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि यदि केंद्र सरकार ने स्थिति को नहीं संभाला तो फिर दिल्ली में बिजली कट सकती है।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री बोले- चिंता की बात नहीं, कोयले के स्टॉक पर है हमारी नजर

हालांकि इस बीच केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह का कहना है कि देश में कोयले की ऐसी कोई कमी नहीं है और बिजली गुल होने जैसी बातें बढ़ा-चढ़ाकर की जा रही हैं। आरके सिंह ने रविवार को कहा कि दिल्ली में ना अभी बिजली का कोई संकट है और ना आने वाले दिनों होगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास कोयले का भरपूर स्टॉक है, कोयला संकट को बेवजह प्रचारित किया गया है। बिजली को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं है। कोयले के स्टॉक पर हमारी नजर है। आरके सिंह दिल्ली में डिस्कॉम के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि हमने आज सभी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। दिल्ली में जितनी बिजली की आवश्यकता है, उतनी बिजली की आपूर्ति हो रही है और होती रहेगी।

Leave a Reply