देहरादून। बेहद दुखद और संवेदनाओं को झकझोरती दो घटनाओं में दो घरों के चिराग बुझ गये। सहनशीलता और सब्र के अभाव के चलते दो हंसते खेलते और भविष्य के रंगीन सपने बुनते दो जोड़ों ने जिंदगी को अलविदा कहते हुए सुसाइड कर लिया। पहली खबर चमोली जिले से आई है। यहां नयी नवेली पत्नी ने किसी बात से आहत होकर घर में फांसी लगा ली तो इसका पता चलते ही पति ने अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। दिल दहला देने वाली ये घटना चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक के सतूड़ गांव की है। बताया जा रहा है कि मात्र एक साल पहले ही विनोद नेगी की शादी मोहनखाल की प्रीति से हुई थी। अब न जाने क्या हुआ कि प्रीति ने घर में फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी और विनोद ने अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। खबर लिखे जाने तक विनोद का अता पता नहीं चल पाया। मात्र एक साल पहले हुई शादी के इस भयावह अंत से गांव में मातम छाया हुआ है और कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। दूसरी ऐसी ही दर्दनाक खबर उधम सिंह नगर से आई, जहां किसी बात से आहत होकर पति ने जहर खा लिया तो उसकी पत्नी पेड़ से फंदे पर लटक कर इस दुनिया को अलविदा कह दिया।