रुद्रपुर। बाजपुर में बैठक में शामिल होने जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य को आज शनिवार दोपहर काले झंडे दिखाये गये और काफिले पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान बचाव में आए कई कार्यकर्ता लाठियां लगने से चोटिल हो गए। उन्होंने हमले का आरोप पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा व उनके समर्थकों पर लगाया है। जिसके बाद 13 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब तीन बजे यशपाल अपने बेटे संजीव आर्य के साथ बाजपुर में बैठक में भाग लेने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार हल्द्वानी स्टेट हाईवे लेवड़ा नदी पुल पर पहुंची तो वहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ काले झंडे दिखाए। आरोप है कि इस दौरान उनकी गाड़ी पर लाठी डंडों से हमला किया गया। जिसमें वे बाल-बाल बचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर 13 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच सीओ बाजपुर वंदना वर्मा को सौंपी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आने पर कानूनी कार्यवाही की जाएंगी। दूसरी ओर यशपाल आर्य पर हुए हमले की खबर के बाद हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी भी की।