Uttarakhand Weather: फिर करवट लेगा मौसम, आज हो सकती है बारिश, जानें वेदर अपडेट
देहरादून। बीते कई दिनों से उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना हुआ है। भले ही सुबह- शाम ठंड हो रही हो लेकिन दोपहर के समय गर्मी का अहसास होने लगा है। जिससे पारा भी तेजी से चढ़ रहा है। दून में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।
हालांकि, आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। दून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं। दून में शुक्रवार को सुबह से ही धूप खिली रही। दिन में तेज धूप में पारे में भी इजाफा हुआ और गर्माहट महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा-बौछारें भी पड़ सकती हैं। जिससे पारे में भी गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी तीन फरवरी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नई टिहरी का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
