देहरादून। प्रदेश में मौसम शुष्क बना है और लगातार तापमान बढ़ रहा है। तापमान बढ़ने के कारण प्रदेश के मैदानी जनपदों में दोपहर के समय भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। ज्यादातर इलाकों में पारा सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों में तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस और बढ़ सकता है। हालांकि, प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी सुबह और शाम को तापमान कम होने से लोगों को गर्मी से राहत है। लेकिन मैदानी जनपदों में लोगों को दिन में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, आज प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37°C और 17°C रहने के आसार है। आज राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36.8°C और न्यूनतम तापमान 17.4°C रहने के आसार है। नई टिहरी में आज अधिकतम तापमान 26.6°C और 14.2°C रहने के आसार है। इसके साथ ही पंतनगर में अधिकतम तापमान 36.9°C और न्यूनतम तापमान 12.4°C रहेगा।
Hindi News India