डोईवाला। किसान कांग्रेस के बैनर तले शुक्रवार को किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल गेट पर धरना प्रदर्शन कर नया गन्ना मूल्य घोषित करने और आपूर्ति होने के बाद गन्ना मूल्य भुगतान शुरू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
धरनास्थल पर आयोजित सभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार गन्ना किसानों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ किसानों को लामबंद करेगी। किसान कांग्रेस के अध्यक्ष उम्मेद वोरा ने कहा कि शुगर मिल के पेराई सत्र को शुरू हुए दो माह का समय हो गया है और अभी तक नया गन्ना मूल्य घोषित करने में सरकार विफल हुई है। गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि मंहगाई के दौर में गन्ना किसान सबसे अधिक आर्थिक परेशानियां झेल रहा है। सरकार को नियमानुसार 15 दिनों में गन्ना मूल्य को भुगतान कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांगों को लेकर मिल के अधिशासी निदेशक का घेराव कर ज्ञापन सौंपा धरना प्रदर्शन करने वालों में मोहित उनियाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव चैधरी, नगर अध्यक्ष राजबीर सिंह खत्री दलजीत सिंह, ईश्वरचंद पाल, अब्दुल रज्जाक, नागेंद्र सिंह नागी, अब्दुल कादिर, मोहित नेगी, बलबिंदर सिंह, राजन थापा, जसवंत सिंह, बलबीर सिंह, राहुल सैनी, भारत भूषण कौशल, रणजोध सिंह आदि किसान मौजूद रहे थे।
