Friday , September 11 2026
Breaking News
Home / अपराध / उत्तराखंड: दहेज में बाइक नहीं मिली तो पति बना हैवान, गला घोंटकर कर दी पत्नी की हत्या

उत्तराखंड: दहेज में बाइक नहीं मिली तो पति बना हैवान, गला घोंटकर कर दी पत्नी की हत्या

देहरादून। सेलाकुई थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार आरोपी पति आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पत्नी शाहीन बानो की हत्या की और इसे बीमारी से हुई मौत बताने की कोशिश की। आरोपित आरिफ अली मूल निवासी रडा बाजार चौकी पडरिया तहसील गोला थाना भीरा जिला लखीमपुर खीरी यूपी का रहने वाला है।

आरोपित ने दहेज में बाइक न मिलने को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी की चुनरी से गला घोटकर हत्या कर दी थी और रिश्तेदारों व आसपास के लोगों को भ्रमित करने के लिए पत्नी की बीमारी के कारण मौत होने की झूठी कहानी गढ़ दी थी।

थाना सेलाकुई में एक मई को लाल मोहम्मद पुत्र सिराजुद्दीन निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा पोस्ट चकई थाना शारदा जिला लखीमपुर यूपी ने दी तहरीर में कहा था कि उसकी पुत्री शाहीन बानो की शादी वर्ष 2025 में आरिफ अली से हुई थी। आरिफ काम के सिलसिले में शाहीन को सेलाकुई लेकर चला गया था।

बीमारी के कारण मौत होने की झूठी कहानी

लाल मोहम्मद ने तहरीर में कहा था कि उसके दामाद आरिफ अली ने उनकी पुत्री शाहीन बानो को दहेज के लिए प्रताड़ित कर उसकी हत्या कर दी है और उसे व रिश्तेदारों को पुत्री की बीमारी से मौत की कहानी गढ़ी। पुलिस ने आरोपित आरिफ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम में शामिल थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, दारोगा सुमेर सिंह आदि ने आरोपित के संभावित स्थानों पर दबिशें दी।

पुलिस टीम ने आरिफ अली को सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी का कार्य करता है। वर्ष 2025 में उसका विवाह शाहिन बानो पुत्री लाल मोहम्मद निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा जिला लखीमपुर के साथ हुआ था। विवाह में उसके ससुराल वालों ने न तो उसे दहेज दिया था और न ही शादी में उसकी किसी प्रकार की सहायता की थी।

एक माह पूर्व ही पत्नी को लेकर आया था सेलाकुई

आरोपित एक माह पूर्व ही अपनी पत्नी शाहीन बानो के साथ काम के लिये सेलाकुई आया था। जमनपुर में किराये का कमरा लेकर अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। वह सेलाकुई में दिहाड़ी मजदूरी व उसकी पत्नी एक कम्पनी में काम करने लगी। इस दौरान उसका अक्सर दहेज में मोटर साइकिल नहीं देने को लेकर अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था। साथ ही उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से भी बात करती है।

घटना के दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। शाहीन द्वारा उसे लात मारने पर आरिफ ने चुनरी से शाहीन का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और अपने रिश्तेदारों व आसपास के लोगों को तबियत खराब होने के कारण उसकी पत्नी की मौत होना बताया था।

About team HNI

Check Also

CM धामी ने समस्त जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश भू कानून का …