रुद्रपुर/जसपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में बुधवार को जसपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 46 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें 45 अकेले नई बस्ती गांव के निवासी हैं। खेड़ा में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने आज गुरुवार को दोपहर बाद दो बजे से शुक्रवार रात 12 बजे तक जसपुर नगर पालिका क्षेत्र में पूर्ण लॉकडाउन करने का फैसला लिया है। एसडीएम सुंदर सिंह ने बताया कि सभी विभागों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कराने के निर्देश दिए गए हैं। जसपुर विकासखंड के नई बस्ती गांव में 45 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
गदरपुर थाने में एक दारोगा और कांस्टेबल के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बुधवार को भी दो दारोगा सहित चार पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद सभी को आइसोलेट करने के साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। बुधवार को थाना परिसर में रहने वाले पुलिस स्टाफ और उनके परिवार के 54 लोगों के टेस्ट सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव सरना की देखरेख में किए थे। डॉ. सरना ने बताया कि 54 लोगों में से चार लोग और पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें दो एसआई, एक कांस्टेबल और एक कांस्टेबल की पत्नी शामिल है। थाने को सील करने के बाद अब महतोष पुलिस चौकी को सैनिटाइज कर सभी कार्य यहां से संचालित किए जा रहे हैं।