Monday , April 29 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / मुंबई : बार में बनाये तहखाने में ठूंसकर छिपाईं 17 डांसर!

मुंबई : बार में बनाये तहखाने में ठूंसकर छिपाईं 17 डांसर!

मुंबई। यहां अंधेरी इलाके में स्थित फेमस दीपा बार में एक तहखाने का पता चला है। इस तहखाने में 17 लड़कियों को ठूस कर बंद किया गया था। ये सभी बार बालाएं बताई जा रही हैं। इनमें से कइयों की उम्र बहुत कम है। जिस तहखाने का पता पुलिस को चला है, उसमें खड़ा हो पाना भी मुश्किल था। करीब 15 घंटे से ज्यादा की कार्रवाई के बाद मुंबई पुलिस की सोशल सर्विस ब्रांच की टीम ने इस गुप्त तहखाने का राज खोला है। इस मामले में बार के मैनेजर, कैशियर समेत  तीन लोग गिरफ्तार किये गये हैं।
सोशल सर्विस ब्रांच के डीसीपी राजु भुजबल ने बताया कि यह रेड रविवार शाम से शुरू हुई और पूरी रात चली है। 15 घंटे की कड़ी कार्रवाई के बाद 17 डांसरों को मुक्त करवाया गया और बार के मैनेजर, कैशियर समेत 3 स्टाफ को अरेस्ट किया गया है। अंधेरी पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज हुई है और पड़ताल जारी है। इन सभी पर कोविड नियमों के उल्लंघन और ओर्केस्ट्रा की परमिशन पर डांस बार चलाने का केस दर्ज किया है।
मुंबई में कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत सभी डांस बार को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके बावजूद यह बार धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि यहां हर दिन सैकड़ों लोग आते थे और डांस के दौरान इन बार बालाओं पर रुपए लुटाते थे। पुलिस की रेड से बचने के लिए ही ऐसे तहखाने का निर्माण किया गया था। यह बार तब भी चल रहा था, जब देश में कोरोना के प्रतिबंध लगे हुए थे।
पुलिस से बचने के लिए इस डांस बार में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम का बेहतरीन इंतजाम किया गया था। पुलिस की गाड़ी इस इलाके में जैसे ही आती थी, बार के बाहर लगे कैमरे अंदर बैठे लोगों को अलर्ट कर देते थे और लड़कियों को तुरंत गायब कर दिया जाता था। इससे पहले भी कई बार यहां रेड हुई, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा था।
बार में डांसर होने की पुख्ता सूचना के बाद देर रात हुई रेड में बाथरूम, स्टोरेज रूम, किचन हर जगह छापा मारा गया, लेकिन पुलिस टीम के हाथ कुछ नहीं लगा। बार के मैनेजर, कैशियर और वेटर से घंटों पूछताछ हुई, लेकिन बार में डांसर होने की बात को वे खारिज करते रहे।
इसी बीच एक एनजीओ की टीम के लोग मेकअप रूम में गए तो उन्होंने देखा कि वहां एक बड़ा सा मिरर लगा हुआ था। इस पर उन्हें संदेह हुआ और फिर उसे हटाने का प्रयास शुरू हुआ। जब इस शीशे को दीवार से अलग करने की कोशिश की गई तो पता चला की ये दीवार में इस कदर फीट है और इसे निकाल पाना असंभव है। इसके बाद बड़ा सा हथौड़ा मंगवाया गया और शीशे को तोड़ा गया।
शीशे को पुलिस ने जैसे ही तोड़ा वे अवाक रह गए। उसके पीछे एक बड़ा सा तहखाना था। इसमें 17 बार डांसर को छुपा कर रखा गया था। इसके बाद तहखाने से एक के बाद एक बार डांसर के निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। इस तहखाने में जाने का रास्ता एक ऑटोमेटिक डोर से था।
पुलिस इस बात का पता लगाने में नाकाम रही कि आखिर इस गुप्त तहखाने का रिमोट कंट्रोल कहां था। एसी और बिस्तर के अलावा इसमें कई फूड पैकेट भी मौजूद थे। पुलिस का मानना है कि तहखाने में लड़कियों को कई दिनों तक रखने की प्लानिंग यहां के लोगों ने की थी। इस कमरे में एसी तो था, लेकिन वेंटिलेशन के लिए कोई जगह नहीं थी।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply