हरिद्वार। जिले के अलीपुर गांव में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवक जिंदा जल गए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिससे उस पर सवार दो युवकों की जलकर और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल पुत्र रामवीर और राजकमल पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी अलीपुर एक ही बाइक पर सवार होकर गांव वापस लौट रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले ही उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही उसमें आग लग गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शवों को आग लगी बाइक से दूर किया।
उधर सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं हादसा होते ही अज्ञात वाहन सवार वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। क्योंकि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां अंधेरा छाया हुआ था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे को तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर गांव में दो युवकों की मौत की खबर सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दो युवकों की अचानक हुई मौत से गांव में कोहराम मच गया. दोनों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
Hindi News India