Tuesday , April 21 2026
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / उत्तराखंड में आया भूकंप, यहाँ डेढ़ घंटे में दो बार हिली धरती

उत्तराखंड में आया भूकंप, यहाँ डेढ़ घंटे में दो बार हिली धरती

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। यहां आज शनिवार सुबह भूकंप के दो झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। सुबह-सुबह धरती के हल्के कंपन ने कई इलाकों में गहरी नींद में सोए लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों ही झटकों की तीव्रता कम रही और अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई।

पौड़ी गढ़वाल जिले में भूकंप का पहला झटका सुबह 5.02 बजे आया। इस भूकंप की तीव्रता 3.3 मैग्नीट्यूड थी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया है कि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी।

इसके करीब डेढ़ घंटे बाद पौड़ी गढ़वाल की धरती भूकंप से एक बार फिर थर्राई। इस बार 6.29 बजे भूकंप आया। इस भूकंप की तीव्रता पहले आए भूकंप से थोड़ा ज्यादा थी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार दूसरी बार आया भूकंप 3.6 मैग्नीट्यूड का था। इसकी गहराई भी 10 किलोमीटर बताई गई है। बहरहाल राहत की बात ये है कि पौड़ी गढ़वाल में आए डेढ़ घंटे के अंतराल में एक के बाद एक दो भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तराखंड का हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय रूप से बेहद संवेदनशील है। यहां इस तरह के हल्के झटके भूगर्भीय गतिविधियों का सामान्य हिस्सा माने जाते हैं, लेकिन बार-बार कंपन महसूस होना भविष्य में बड़े झटकों की संभावना की ओर भी संकेत करता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि घबराने के बजाय सतर्क रहें और अफवाहों से बचें।

About team HNI

Check Also

मंत्री खजान दास ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की

देहरादून। मंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा …