ऋषिकेश। यहां मुनिकीरेती थाना अंतर्गत शिवपुरी के पास गंगा में नहाते समय पांच युवक बह गए। लोगों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को बचा लिया और दो युवकों के शव पुलिस ने गंगा से बरामद कर लिए हैं। खबर है कि एक युवक अभी भी लापता है, जिसकी खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर से चार और दिल्ली से एक युवक शिवपुरी रेंज में घूमने पहुंचे थे। शाम के समय पांचों युवक गंगा में नहाने लगे। अचानक वो गंगा की धार की तरफ चले गए। इसके बाद पांचों युवक गंगा की धार में बहने लगे। यह देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जल पुलिस ने दो युवकों को कुछ दूरी पर राफ्ट से पीछा कर बचा लिया । एसडीआरएफ की टीम ने बताया कि दो युवकों के शव गंगा से बरामद किए हैं। जबकि एक युवक अभी लापता है। उसके लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
मुनिकीरेती थाना प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया की मृतकों की पहचान दीपक कुमार शर्मा और राजीव कुमार शर्मा निवासी नई मंडी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जबकि आदित्य देव निवासी मुजफ्फरनगर अभी लापता है। जिन युवकों को बचाया गया है, उनकी पहचान दिनेश गौतम और मंजुल मनोहर निवासी मुजफ्फरनगर और दिल्ली के रूप में हुई है। युवकों को बचाने वाली टीम में शिवपुरी चौकी प्रभारी सुनील पंत कॉन्स्टेबल पंकज सलार देवराज एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम शामिल रही।