Tuesday , April 16 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / चंडीगढ़ निगम चुनाव में आप ने फहराया परचम, भाजपा-कांग्रेस सकते में!

चंडीगढ़ निगम चुनाव में आप ने फहराया परचम, भाजपा-कांग्रेस सकते में!

  • पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने कर दिया बड़ा उलटफेर

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने अपना डंका बजा दिया है। पार्टी ने 35 सीटों में से 14 सीटें जीत ली हैं। वहीं भाजपा ने 12 और कांग्रेस ने 8 सीटों पर कब्जा जमाया है। इससे दोनों दल सकते में हैं। शिरोमणि अकाली दल को एक सीट पर जीत मिली है। 
इस उलटफेर पर नजर गढ़ाये बैठे सियासतदां लोगों का कहना है कि पंजाब चुनाव में भी इस चुनाव का असर देखने को मिलेगा। 35 वार्डों पर हो रहे निगम चुनाव के लिए सोमवार को वोटों की गिनती शुरू हुई। सुबह से ही आम आदमी पार्टी ने चुनाव परिणाम में दबदबा बनाकर रखा। सबसे पहले वार्ड 13 का चुनाव परिणाम आया। सीट के प्रबल दावेदार माने जा रहे आप प्रत्याशी चंद्रमुखी शर्मा को कांग्रेस के सचिन गालव ने हरा दिया। इसके बाद आप ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ाते हुए एक के बाद एक सीट पर कब्जा जमाया।
एक ओर जहां दो पूर्व मेयर देवेश मौदगिल और राजेश कालिया हार गए वहीं वर्तमान मेयर रविकांत शर्मा को आप प्रत्याशी बादल ने मात दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला के बेटे सुमित चावला चुनाव हार गए हैं। भाजपा की ओर से जीत के प्रबल दावेदार हीरा नेगी, सुनीता धवन चुनाव हार गईं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सतीश कैंथ भी अपनी सीट नहीं बचा सके। उधर जीत से गदगद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप चंडीगढ़ में पहली बार चुनाव लड़ रही है और मौजूदा रुझानों के मुताबिक चंडीगढ़ की जनता ने हमारा भव्य स्वागत किया है। मैं इसके लिए हर मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता को धन्यवाद देता हूं।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply