रुद्रप्रयाग/टिहरी। रुद्रप्रयाग में आज सोमवार को बादल फटने से तबाही मच गई। जखोली विकासखंड के सिरवाड़ी में गदेरे में अचानक बादल फट गया। इस दैवीय आपदा में गोरपा-सिरपा मोटर मार्ग पर आरसीसी पुलिया, पैदल मार्ग, सिंचाई नहर, पेयजल लाइन तहस नहस हो गईं हैं। सहजा मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनधार भी खतरे की जद में आ गया है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य महावीर पंवार ने बताया कि गांव के ऊपर गदेरे में बादल फटा है। जिससे कई परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। सभी ग्रामीण सुरक्षित हैं। वर्ष 1986 में भी गांव में बादल फटा था।
उधर टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गंगी गांव में अतिवृष्टि से खासा नुकसान हो गया है। यहां पैदल रास्ते, पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। दो गोशाला दबने से 10 पशु दब गए हैं। बीती रात करीब 12 बजे गंगी गांव में जलकर बारिश हुई। जिस कारण मार्ग बंद हो गए हैं और ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।