Monday , September 28 2026
Breaking News
Home / चर्चा में / दिल्ली हाईकोर्ट में रो पड़े बार काउंसिल के चेयरमैन!

दिल्ली हाईकोर्ट में रो पड़े बार काउंसिल के चेयरमैन!

  • बोले- वकीलों को ऑक्सीजन नहीं मिली तो वे मर जाएंगे हाईकोर्ट ने कहा- सोचा नहीं था कि ये दिन देखने पड़ेंगे

नई दिल्ली। कोरोना से हालात बेहद डरावने होते जा रहे हैं। दिल्ली हाईकोर्ट में इस मुद्दे पर आज शुक्रवार को सुनवाई हुई। इस दौरान स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन और सीनियर वकील रमेश गुप्ता रो पड़े। उन्होंने कोर्ट से कहा कि हमारे पास बार काउंसिल के कई संक्रमित सदस्यों के फोन आ रहे हैं। उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिले तो वे मर जाएंगे। हाईकोर्ट ने कहा, ‘हम आपका दर्द समझते हैं। किसी ने नहीं सोचा था कि कोरोना वायरस के कारण इतने बुरे दिन आ जाएंगे।’
वकील रमेश गुप्ता ने कोर्ट से निवेदन किया कि बार काउंसिल के सदस्यों के लिए एक अस्पताल की व्यवस्था की जाए। इसमें आईसीयू बेड की सुविधा भी हो। उन्होंने कहा कि हालात बहुत बुरे हैं। लोग वैक्सीन, ऑक्सीजन की कमी और दूसरी मेडिकल सुविधाओं के बिना मर रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि हम इन बातों में नहीं पड़ना चाहते कि इसमें केंद्र की गलती है या दिल्ली सरकार की। हम बस इतना पूछना चाहते हैं कि सेना को इसमें शामिल क्यों नहीं किया जा सकता?
सुनवाई के दौरान दिल्ली में ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली विनायक गैस कंपनी ने कोर्ट को बताया कि उनके मालिक कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी कंपनी इसमें पूरा सहयोग कर रही है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कोरोना के खिलाफ यह लड़ाई नहीं, एक जंग है।
ऑक्सीजन कंपनी सेठ एयर ने हाईकोर्ट में कहा कि उनके पास ऑक्सीजन खरीदने के पैसे नहीं हैं। लिंडे कंपनी ने ऑक्सीजन के रेट बढ़ा दिए हैं, लेकिन सेठ एयर पुराने रेट पर ही ऑक्सीजन सप्लाई कर रही है। इस पर कोर्ट ने कहा कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह एक बड़ी समस्या है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में अमेकस क्यूरी बने राजशेखर राव से कहा कि लिंडे कंपनी से संपर्क कर इस मामले को समझने की कोशिश करें।
दिल्ली हाईकोर्ट ने ऑक्सीजन सप्लाई की समस्या सुलझाने के लिए एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाने की सलाह दी। कोर्ट ने कहा कि एक ग्रुप बनाकर उसमें ऑक्सीजन सप्लायर्स और अस्पतालों को जोड़िए। इससे जवाबदेही तय होगी और काम में पारदर्शिता भी आएगी।

About team HNI

Check Also

CM धामी ने समस्त जिलाधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश भू कानून का …

Leave a Reply