सीएम धामी की नाराजगी के बाद अब चलेगा ‘ऑपरेशन प्रहार’
देहरादून। राजधानी दून फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के बाद देहरादून से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कुठालगेट चौकी इंचार्ज और सब एक्साइज इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर चुके हैं। अब सीएम के निर्देश पर डीजीपी ने देहरादून पुलिस को ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू करने का निर्देश दिया है।
आपराधिक घटनाओं की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल तथा एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए निम्न निर्देश दिए गए
- आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया, साथ ही क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए ।
- क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं तथा बैरियर्स पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करें। विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में क्षेत्राधिकारी पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाएं।
- आईजी एसटीएफ एवं एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- सत्यापन अभियान के अंतर्गत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
- निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार एवं पब्स पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट कहा कि राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु एक विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
