तालिबान का सर्वोच्च कमांडर और आतंकियों का सबसे बड़ा आका खूंखार हिबतुल्ला अखुंदजादा काफी समय से कंधार में ही किसी अज्ञात स्थान पर है। जल्द ही वो दुनिया के सामने आ जाएगा। इस बात का खुलासा तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने किया है। इसकी जानकारी एक प्रेस कांफ्रेंस में दी गइ्र है। आपको यहां पर ये भी बता दें कि अखुंदजादा आज तक कभी भी सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने नहीं आया है।
अखुंदजादा ने तालिबान की कमान वर्ष 2016 में संभाली थी। अखुंदजादा इस कदर छिपकर रहता है कि उसके ही सभी आतंकियों ने उसको नहीं देखा है। उसकी रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में भी हर आतंकी को कोई खबर नहीं होती है। वो इस्लामिक त्योहारों पर वीडियो मैसेज के जरिए अपने आतंकियों को संदेश जरूर देता है। इससे पहले जिस मुल्ला उमर के हाथों में तालिबान की कमान थी, वो तालिबान शासन के दौरान भी गिनी चुनी बार ही काबुल आया था। उमर का ठिकाना भी कंधार में ही था। बता दें कि कंधार तालिबान का सबसे बड़ा केंद्र रहा है।
अखुंदजादा का जन्म कंधार में ही हुआ है। हिबतुल्ला का अर्थ अरबी भाषा में दरअसल, भगवान से मिला उपहार होता है। बाद में इसका परिवार बलूचिस्तान के क्वेटा में आ गया था। 1980 के आसपास इसके रूसी सेना के खिलाफ आवाज उठाई थी। वर्ष 2017 में इसके एक बेटे की मौत अमेरिकी सेना पर किए गए आत्मघाती हमले में हुई थी। 2012 और 2019 में इस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन इनमें ये बच गया था।