देहरादून। आज गुरुवार को शहीद हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी का पार्थिव शरीर उनके देहरादून आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस मौके पर शहीद को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार शहीद के परिजनों की हर संभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने सैनिक कॉलोनी, अम्बीवाला, देहरादून में 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद हवलदार राजेन्द्र सिंह नेगी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह को ढ़ूढ़ने के लिए जवानों ने काफी मेहनत की। रक्षा मंत्री और सेनाध्यक्ष से भी इस संबंध में बात हुई थी। मुख्यमंत्री पहले भी हवलदार राजेन्द्र सिंह के पिता एवं पत्नी से मिले थे।
त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीद राजेन्द्र सिंह के परिजनों को अनुमन्य सहायता राशि दी जायेगी। उनकी पत्नी को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राजकीय सेवा में नौकरी दी जायेगी।
इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, सहदेव सिंह पुण्डीर एवं सैन्य अधिकारियों ने हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया गया।