Sunday , April 28 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / ‘कुर्सी’ पर धामी की धीरे-धीरे प्रबल हो रही दावेदारी!

‘कुर्सी’ पर धामी की धीरे-धीरे प्रबल हो रही दावेदारी!

  • कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह के लिए सीट छोड़ने को चार विधायक तैयार

देहरादून। विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत हासिल करने के बावजूद सरकार के गठन और सीएम का नाम तय करने के लिए भाजपा में मंथन जारी है, लेकिन अब सीएम की कुर्सी के लिये कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दावेदारी प्रबल बताई जा रही है।चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह नेहरा, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश शर्मा धामी के लिए अपनी विधायक की सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं। धामी मंत्रिमंडल के सहयोगी रहे गणेश जोशी और अरविंद पांडे ने भी बतौर सीएम धामी को समर्थन की घोषणा की है। फिलहाल गेंद भाजपा आलाकमान के पाले में है।  भाजपा ने बीते साल 3 जुलाई को अप्रत्याशित फैसले में पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया था। त्रिवेंद्र सिंह रावत के बाद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाने का प्रयोग विफल हो गया था। इसके बाद धामी ने आठ महीने के भीतर ताबड़तोड़ बैटिंग की। एंटी इनकंबेंसी पर काबू पाते हुए पार्टी को भारी जीत दिलाने में मददगार बने। कार्यवाहक मुख्यमंत्री का दायित्व निभा रहे पुष्कर सिंह धामी के चेहरे पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उनके चुनाव हारने के बाद परिस्थितियां बदल गईं हैं।हालांकि पार्टी के कुछ विधायक और कार्यकर्ता धामी को ही बागडोर सौंपने की वकालत कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना है कि नई सरकार के गठन को लेकर केंद्रीय नेतृत्व जो भी दिशा-निर्देश देगा, उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। हालांकि कोई विधायक, नेता या समर्थक मुख्यमंत्री के नाम के लिए किसी के पक्ष या विरोध में खुलकर कोई बात नहीं कर पा रहा है, लेकिन अंदरखाने कुर्सी के लिए लॉबिंग तेज हैं। अटकलों का बाजार गरमाता जा रहा है। कुछ विधायकों के देहरादून पहुंचने तो कुछ के दिल्ली दौड़ लगाने की भी चर्चा है। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व जिसे भी नेता चुनेगा, हम सब उसके साथ खड़े होंगे।इस बीच जैसे-जैसे सरकार गठन की प्रक्रिया में समय लग रहा है, मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवारों की सूची लंबी होती जा रही है। धामी के अलावा विधायकों में से सतपाल महाराज, डॉ. धनसिंह रावत, मदन कौशिक के बाद अब महिला चेहरे के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि) की बेटी ऋतु खंडूड़ी के नाम की भी चर्चा शुरू हो गई है। सांसदों में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के नामों की भी खूब चर्चा हो रही है।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply