कोटद्वार। आज शुक्रवार सुबह यहां टाइल कारोबारी के घर डकैती से हड़कंप मच गया। कुछ बदमाशों ने सितापुर निवासी एक उद्योगपति के घर में घुसकर बंदूक की नोक पर सुबह सात बजे घर के सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखी लाखों की नकदी और जेवरात लूट ली। जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। दिनदहाड़े डकैती से पुलिस भी बगलें झांक रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हथियारबंद पांच बदमाश दीवार फांदकर कारोबारी प्रमोद प्रजापति के घर में घुस गए। उन्होंने सभी परिजनों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर पर घर में रखे रुपए और गहनों पर हाथ साफ कर लिया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर सीओ अनिल जोशी, एसएचओ नरेन्द्र सिंह बिष्ट, एसपी प्रदीप कुमार राय पहुंचे। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगालना भी शुरू कर दिया है। पीड़ित प्रमोद हरिद्वार में टाइल्स का कारोबार करते हैं। बदमाशों ने 15 लाख रुपए की कीमत के गहनों और नगदी पर हाथ साफ किया है। दिनदहाड़े हुई डकैती से पुलिस विभाग भी हैरत में है।