Saturday , April 20 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / टोक्यो ओलंपिक हॉकी स्टार वंदना बनीं उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर

टोक्यो ओलंपिक हॉकी स्टार वंदना बनीं उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर

हरिद्वार। टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान’ की उत्तराखंड की ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। आज रविवार को खेल मंत्री डॉ. अरविंद पांडे ने वंदना कटारिया के घर पहुंच कर यह घोषणा की।
वंदना कटारिया के घर पहुंचे खेल मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने समूचे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने वंदना की मां और भाई को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि वंदना पर नाज करना चाहिए। जिन्होंने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर समूचे विश्व में भारत का डंका बजाया है। उत्तराखंड सरकार की ओर से वंदना का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्हें प्रदेश लौटने पर सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। पांडे ने कहा कि वंदना के घर तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाएगी।
रोशनाबाद गांव निवासी वंदना कटारिया ने ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम में खेलते हुए हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा है। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसके डोभाल ने बताया कि ओलंपिक खेलों के समापन के बाद वह भारत लौटेंगी। टोक्यो ओलंपिक में हॉकी में इतिहास रचने वाली हरिद्वार की बेटी वंदना कटारिया स्वदेश लौटने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में भी वह भारतीय दल के साथ हिस्सा लेंगी।
दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री से भारतीय ओलंपिक दल के साथ वह मुलाकात करेंगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम में वह मौजूद रहेंगी। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज, भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील डोभाल, भाजपा नेता मास्टर सत्यपाल, राजकुमार कसाना आदि मौजूद रहे।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply