अपराधउत्तराखण्डचर्चा में

बागेश्वर: 16 दिन से लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का शव गोमती किनारे मिला

बागेश्वर: करीब सोलह दिनों से जिस वरिष्ठ अधिवक्ता की तलाश में परिवार, साथी वकील और पुलिस जुटे हुए थे, उनकी खोज का अंत दुखद खबर के साथ हुआ। बागेश्वर के अधिवक्ता और पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार (35) का शव थुणाई के पास गोमती नदी के किनारे मिला है।

शव मिलने की सूचना फैलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचीं। इस खबर के बाद परिजनों, अधिवक्ता समुदाय और नगर के लोगों में गहरा शोक है।

सीओ ने की शव बरामदगी की पुष्टि

सीओ अजय शाह ने बताया कि धीरेंद्र का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।

सीओ के मुताबिक, इस मामले में पुलिस अधीक्षक प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी देंगे। जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस और रेस्क्यू टीमों को सूचना मिलते ही थुणाई भेजा गया था, जहां पुलिस की मौजूदगी में नदी और उसके आसपास के इलाके में खोजबीन की गई।

17 अक्टूबर से नहीं था कोई सुराग

जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र परिहार 17 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब हो जाने के बाद परिवार के लोग लगातार उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका कुछ पता नहीं चला।

इसके बाद उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से जल्द से जल्द उसे खोजने की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने शहर में अलग-अलग जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई स्तर पर तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटे जाने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई, जिसके बाद इस मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगी थीं।

शव मिलने से दो दिन पहले हुआ था चक्काजाम

सोमवार को जब धीरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों के साथ अधिवक्ता, व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।

इस आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मांग की थी कि धीरेंद्र को जल्द तलाशा जाए और पूरे मामले का खुलासा किया जाए।

मौत की वजह पर टिकी नजरें

पहले लंबी गुमशुदगी और फिर नदी किनारे शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। धीरेंद्र की मौत किन हालात में हुई, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।

फिलहाल बागेश्वर का अधिवक्ता समाज और नगरवासी इस घटना से स्तब्ध हैं। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अधीक्षक की प्रस्तावित प्रेस वार्ता पर हैं, जिसमें मामले से जुड़ी आगे की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply