देहरादून। SSP प्रमेन्द्र डोबाल ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। बुधवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, जिले के 30 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है।
दरअसल 30 मार्च को रोड रेज फायरिंग के दौरान राजपुर थाना क्षेत्र के मसूरी रोड स्थित मालसी में मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद देहरादून पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश फैल गया। देहरादून में अपराध की घटनाएं तो लगातार हो ही रही थीं, लेकिन जब एक निर्दोष रिटायर्ड फौजी अफसर की हत्या हुई तो पुलिस महकमा सबके निशाने पर आ गया। तब से लगातार पुलिस महकमें में बैठकें हो रही हैं और अपराधियों पर लगाम लगाने को रणनीतियां बन रही हैं। इस दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ भी लॉन्च किया गया है।
30 पुलिस वालों का ट्रांसफर:- चौकी आईटी पार्क थाना राजपुर से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस अर्जुन गुसाईं को तबादला करके चौकी बाजार विकासनगर थाने भेजा गया है। कुंदन राम जो प्रेमनगर के थानाध्यक्ष थे, उन्हें प्रभारी मानवाधिकार प्रकोष्ठ पुलिस कार्यालय भेजा गया है। संजीत कुमार जो थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी थे, उनको रायपुर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है
इन लोगों को मिली नई तैनाती:- पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस मनोज नौटियाल को अब नेहरू कॉलोनी का थानाध्यक्ष बनाकर भेजा गया है। ऋषिकेश थाने में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस प्रवीन सैनी को राजपुर थाने की कुठालगेट चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक नागरिक पुलिस पंकज कुमार को सहसपुर थाने की धर्मावाला चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
नगर कोतवाली उप निरीक्षक का ट्रांसफर:- नगर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक जगदंबा प्रसाद को थाना रायवाला ट्रांसफर किया गया है। कोतवाली नगर में ही तैनात महिला उप निरीक्षक नीमा को एसआईएस शाखा भेजा गया है। पटेलनगर में तैनात उप निरीक्षक बलदीप सिंह को रानीपोखरी थाने में नई पोस्टिंग मिली है। इसी तरह पटेलनगर में तैनात उप निरीक्षक कैलाश चंद्र को थाना रायपुर ट्रांसफर किया गया है। पटेल नगर में तैनात उप निरीक्षक महावीर सिंह सजवाण को थाना राजपुर ट्रांसफर किया गया है।
राजपुर में भी बदलाव:- क्लेमेनटाउन में तैनात उप निरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी का तबादला विकासनगर थाने में हुआ है। राजपुर में तैनात उप निरीक्षक बलवीर सिंह रावत का ट्रांसफर पटेलनगर थाने में हुआ है। प्रेमनगर थाने में तैनात महिला उप निरीक्षक मालिनी का तबादला कालसी थाने में हुआ है। ऋषिकेश में तैनात उप निरीक्षक राजकुमार का ट्रांसफर प्रेमनगर थाने में हुआ है।
Hindi News India