देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बच्चों को नशीला पेय पिलाकर उन्हें सुला दिया। इसके बाद रात को पत्नी के नीचे किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया। इससे महिला के आंत पर भी चोटें आईं। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पीड़ित महिला की बहन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर हरिओम राज चौहान ने बताया कि घटना गत 31 मार्च की है। एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन क्षेत्र में पति और बच्चों के साथ रहती है। उनकी बहन का पति अक्सर झगड़ा करता है। घटना की रात उनकी बहन परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात में करीब साढ़े तीन बजे उनकी 11 वर्षीय भांजी (पीड़िता की बेटी) की आंख खुली तो देखा कि उसकी मां दर्द से कराह रही थी। उसकी मां के निचले हिस्से से खून निकल रहा था। उसका पति वहां से जा चुका था। बच्ची ने अपनी मौसी को सारे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
पिता सभी के लिए कोल्डड्रिंक लेकर आए थे
बच्ची ने बताया है कि उस रात उसके पिता सभी के लिए कोल्डड्रिंक लेकर आए थे। यह कोल्डड्रिंक उसके पिता ने नहीं पी थी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद सभी को गहरी नींद आ गई थी। पीड़ित महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने आंतों का ऑपरेशन करने की सलाह दी है। इंस्पेक्टर चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।