देहरादून। उत्तराखंड में निकाय चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ संबंधी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जानकारी देकर बताया कि सभी निकायों में 7 फरवरी तक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में निकाय चुनाव में विजय पाने वाले मेयर, पालिका अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष सहित निगम के पार्षद, सभासदों की शपथ 7 फरवरी तक दिलाई जाएगी।
बता दें कि प्रदेश के 100 नगर निकायों पर चुनाव हुए. जिसमें 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतें शामिल हैं। इन नगर निकायों के लिए 23 जनवरी को चुनाव हुआ। 25 जनवरी से मतगणना शुरू हुई थी। मतगणना की प्रक्रिया 26 जनवरी की दोपहर बाद तक चली थी। नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने निकाय प्रमुखों के 42, कांग्रेस ने 27, बसपा ने दो और निर्दलीयों ने 29 पदों पर जीत हासिल की। इसी तरह पार्षद, सभासद और सदस्य के 1280 पदों में से 455 पदों पर भाजपा, 169 पदों पर कांग्रेस, दो पदों पर बसपा, एक पद पर उक्रांद, दो पदों पर आम आदमी पार्टी और 651 पदों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है।