बीजापुर। छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र में बसे बीजापुर में नक्सलियों ने एक बार फिर जवानों को निशाना बनाया है। नक्सलियों ने कुटरू मार्ग में जवानों की गाड़ी को निशाना बनाया है। इस नक्सल वारदात में 9 जवान शहीद हो गए हैं और 8 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। IG बस्तर रेंज सुंदर राज पी. ने इस घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुरक्षाबलों के जवानों का काफिला बीजापुर के कुटरू मार्ग से जवानों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के एक वाहन को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस नक्सली हमले में 8 जवान और ड्राइवर सहित कुल 9 जवान शहीद है। जबकि 8 से अधिक जवान घायल हो गए हैं। शहीद होने वाले और घायल होने वाले सभी जवान DRG दंतेवाड़ा के हैं। बताया गया कि डीआरजी जवानों की टीम सर्चिंग पर निकली थी और करीब दो दिन के ऑपरेशन के बाद जवानों की टीम कैंप वापस लौट रही थी। इसी दौरान नक्सलियों जवानों की टीम को उड़ा दिया है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के सफाए की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले एक साल में साय सरकार के कार्यकाल के दौरान 200 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया है।