आगरा। ट्रैक पर अपने दो माह के मासूम को लिटाकर जान देने को महिला ने आ रही मालगाड़ी की ओर दौड़ लगा दी। यह देखकर जीआरपी के दो जवानों अपनी जान की परवाह न कर महिला और उसके बच्चे को सही सलामत बचा लिया। इस तरह अनहोनी होने से टल गई। घटना आज रविवार को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन की है। इन दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। चश्मदीदों के अनुसार फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक महिला को आवासी बस्ती की तरफ से आते देखा। उसकी गोद में 2-3 महीने का बच्चा था। ट्रैक पर मालगाड़ी आते देख महिला ने अचानक अपने बच्चे को पटरी पर लिटा दिया और खुद ट्रेन की तरफ दौड़ लगा दी। यह देखकर स्टेशन पर हड़कंप मच गया। तभी दो जीआरपी पुलिसकर्मी बिना वक्त गंवाए महिला की तरफ दौड़े। महिला चलती मालगाड़ी के वैगन से टकराने वाली ही थी, तभी दोनों जवानों ने जान जोखिम में डालकर उसे बाहर खींच लिया। महिला को चोट आई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं महिला का बच्चा बिल्कुल सुरक्षित है। सूचना देकर महिला के पति को बुलाया गया तो उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर आई थी। दोनों कॉन्स्टेबल को पुलिस अधीक्षक रेलवे मोहम्मद मुश्ताक़ ने सम्मानित करने की बात कही है।