देहरादून। पुष्कर सिंह धामी फिर पहाड़ के प्रधान चुने गए हैं। उनके छह महीने के कार्यकाल पर भरोसा करते भाजपा हाई कमान ने उनको फिर से विधायक दल का नेता चुना गया है। धामी 23 मार्च को मुख्यमंत्री पद की दूसरी बार शपथ लेंगे। राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मुख्यमंत्री अपने आवास पहुंचे जहां उनके परिजनों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान सभी के चेहरे की खुशी देखने लायक थी। उनकी मां और पत्नी पहले से ही उनका बेसब्री से इंतजार कर रही थी। जैसे ही वह भीतर पहुंचे तो मां और पत्नी व अन्य रिश्तेदारों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। तिलक लगाया, आरती उतारी और इसके बाद उन्हें अपने हाथों से बनाई हुई खीर खिलाई। इस दौरान बाहर से लगातार पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारों की आवाज आती रही।
सोमवार शाम को धामी भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सीधे राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल को सरकार बनाने संबंधी अनुरोध पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री आवास में पुष्कर सिंह धामी के समर्थकों ने होली और दीपावली एक साथ मनाई। मुख्यमंत्री आवास देर रात तक जश्न में डूबा रहा।