Tuesday , May 7 2024
Breaking News
Home / आस्‍था / अन्नकूट पर्व पर बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, अब मुखवा में होंगे दर्शन

अन्नकूट पर्व पर बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, अब मुखवा में होंगे दर्शन

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए आज अन्नकूट पर्व पर सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए हैं, जिसके बाद गंगा की डोली मां गंगा के जयकारों के साथ मुखवा के लिए रवाना हुई। कपाट बंद होने से अब देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे। इसी के साथ ही चारधाम यात्रा का समापन भी शुरू हो गया है। इसके अलावा यमुनोत्री धाम के कपाट शनिवार को भैयादूज के मौके पर अभिजीत मुहूर्त पर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे।
गंगोत्री धाम के कपाट बंद किए जाने के अवसर पर शुक्रवार की सुबह आठ बजकर तीस मिनट पर मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने निर्वाण के दर्शन किए। इस पावन बेला पर गंगा मां के दर्शन कर श्रद्धालु काफी अभिभूत नजर आए। वेद मंत्रों के साथ मां गंगा की मूर्ति का महाभिषेक किया गया। उसके बाद विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ दोपहर 11 बजकर 45 मिनट पर अमृत बेला पर कपाट बंद किए गए। जिसके बाद गंगा की डोली लेकर तीर्थ पुरोहित मुखवा के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरी घाटी मां गंगा के जयकारों से गुंजायमान हुई। बता दें कि गंगा मां की डोली रात्रि निवास चंडी देवी मंदिर में निवास करेगी। और छह नवंबर को मां गंगा की डोली मुखवा पहुंचेगी। जहां पर ग्रामीण मां गंगा का भव्य स्वागत करेंगे। उसके बाद शीतकाल में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में सेमवाल जाति के पुरोहित मां गंगा की 6 महीने तक विधिवत पूजा करते हैं।

भैयादूज के अवसर पर बंद होंगे यमुनोत्री के कपाट

यमुनोत्री धाम के कपाट कल शनिवार को भैयादूज के मौके पर अभिजीत मुहूर्त पर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर 6 माह के लिए बंद होंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल ने बताया कि छह नवंबर को भैया दूज के अवसर पर दोपहर 12.15 बजे यमुनोत्री के कपाट बंद किए जाएंगे। जिसके बाद शनि महाराज की अगुवाई में मां यमुना की डोली खरसाली पहुंचेगी। कपाट बंद होने तक खरसाली में स्थित यमुना मंदिर में छह माह के लिए श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

About team HNI

Check Also

ऋषिकेश: गंगा में डूबे युवक का शव बरामद, आठ लोगों का ग्रुप आया था घूमने

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला क्षेत्र के मस्तराम घाट में डूबे युवक का एसडीआरएफ ने शव बरामद …

Leave a Reply