बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध और फूलों की घाटी मार्ग पर पुल बहा
देहरादून। राजधानी सहित प्रदेशभर में आज सोमवार को तड़के से ही बारिश को दौर जारी है। लगातार बारिश होने की वजह से बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। मौसम विज्ञानियों ने आज सोमवार को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जतायी है। चमोली जनपद में बारिश रविवार रात से सोमवार सुबह तक जारी है। बदरीनाथ हाईवे क्षेत्रपाल, ग़ुलाबकोटी और लामबगड़ में अवरुद्ध है। जिले में 34 संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध हैं। अलकनंदा, पिंडर और नंदाकिनी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में गदेरे की वजह से मार्ग खतरनाक हो गया है। यहां सोमवार की सुबह मार्ग बंद होने से जिलाधिकारी फंस गए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों ने दूसरी ओर पहुंचाया। उत्तरकाशी में रात से हल्की बारिश हो रही है। रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार तड़के हल्की बारिश हुई । यहां फिलहाल आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। यमुनोत्रीधाम सहित यमुना घाटी में रविवार मध्य रात्रि से बारिश हो रही है। यमुनोत्री हाईवे पर जगह-जगह मलबा और पत्थर आने से मार्ग बंद हो गया है। यहां लगातार बारिश के कारण मार्ग खोलने के प्रयास शुरू नहीं हो पा रहे हैं।