Wednesday , April 17 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / उत्तराखंड को 17,500 करोड़ के विकास योजनाओं की मोदी ने दी सौगात

उत्तराखंड को 17,500 करोड़ के विकास योजनाओं की मोदी ने दी सौगात

हल्द्वानी। आज गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एमबी इंटर कॉलेज में उत्‍तराखंड को 17,500 करोड़ के विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना विपक्ष के किसी नेता का नाम लिए जमकर हमला बोला। साथ ही डबल इंजन की सरकार में प्रगति के रास्ते पर चल रहे उत्तराखंड के विकास का खाका भी रखा। मोदी ने युवा, जवान, किसान के लिए हो रहे काम को अपने भाषण के केंद्र में रखा। वहीं टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, ऑलवेदर रोड को लेकर हो रहे काम को ऐतिहासिक बनाया।

मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कुमाऊंनी में करते हुए कहा कि उत्तराखंड में बढ़ रहा आधुनिक स्ट्रक्चर, चार धाम महापरियोजना, हाइड्रो परियोजना, टूरिज्म में बढ़ रहा आकर्षण, प्राकृतिक खेती, हर्बल उत्पाद आदि इसे उत्तराखंड का दशक बनाएंगे। हिमालय की ताकत को सब जानते हैं। यहां से कई धाराएं निकलती हैं। दूसरी ओर प्रदेश में एक धारा है जो पहाड़ को विकास से वंचित रखना चाहती है। दूसरी धारा विकास करना चाहती हैं। पहली धारा वालों ने पहाड़ में विकास नही किया।
मोदी ने कहा कि आज हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास के मंत्र के साथ सबको आगे ले जा रही है। आज किच्छा में एम्स ऋषिकेश के सेटेलाइट सेंटर व पिथौरागढ़ में जगजीवन राम अस्पताल की नींव रखी है। इनके खुलने से स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी। 1200 किमी लंबी सड़कों को गति मिलेगी। आपको सुविधा से वंचित रखने वालों को सबक मिलेगा। हमने टनकपुर-पिथौरागढ़ के लिए आलवेदर सड़क बनाई है। जबकि अफवाह फैलाने वालों ने सिर्फ दुकान चलाई है।

टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का सर्वे हो रहा है ताकि जल्द काम शुरू हो। आज ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन बन रही है कल बागेश्वर-टनकपुर भी बनेगी। हमने यहां संकल्प शिलाएं लगाई हैं। उत्तराखंड गठन के 20 साल पूरा कर चुका है। प्रदेश को ये जो लोग लूटना चाहते हैं। सोचते हैं हमारी जेब भरी रहे। उनकी सोच थी उनकी सरकार किसी भी तरह बची रहे। उन्होंने आपको अभाव दिया।
मोदी के काम करने की लगन उन्हें पहाड़ से इतनी दूर ठंड में खींच लाई है। हम दिन रात सुविधा देने के लिए काम कर रहे हैं। माताएं, बहनों व बेटियों ने अभाव को ज्यादा झेला था। पानी के लिए सबसे ज्यादा परेशान रहती थी। हमने हर घर जल हर घर नल से सबको जोड़ा है। देश के पांच करोड़ परिवारों को नल दिया है। आज उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के लोगों को जल जीवन मिशन की सौगात दी है।
जब हम किसी ऐतिहासिक पल पर जाते हैं तो पूछा जाता है कि कब बनी योजना। हम पूछते है कि ये प्रोजेक्ट कब से अधूरा है। डेढ़ दशक से, चार चार दशक से। हल्द्वानी के लोगो को शायद ही याद हो कि जमरानी बांध के बारे में 1976 में सोचा गया। आज हमने इस पर काम शुरू कराया है। मैं ठीक कर रहा हूं। आप उनको ठीक कीजिये। अगर वो आपसे प्यार करते तो ये योजना 42 साल से लटकी रहती क्या? परिणाम यह हुआ कि न तो हमें बिजली मिली न पानी।

उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक नदी में गिरने वाले नालों को रोक रहे। भारत आज अपने पर्यावरण की रक्षा भी कर रहा है। हम सरप्लस बिजली बनाएंगे। ये बिजली अस्पताल, कॉलेज व हर घर को मिलेगी। गंगोत्री से गंगासागर तक नदी में गिरने वाले नालों को रोक रहे हैं। आज भी हमने नैनीताल, ऊधम सिंह नगर के लिए एसटीपी का लोकार्पण किया है। किसी भी देश मे जब तक सहूलियत न हो वहां टूरिज़्म कभी नही बढ़ सकता। आज सड़कें चौड़ी हो रही है। रोपवे बढ़ रहे हैं रेल मार्ग बढ़ रहे हैं। ये सब सुविधा पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। जब केदारपुरी में सुविधा बढ़ी तो श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी। कुमाऊँ में जागेश्वर व बागेश्वर में भी सुविधा बढ़ाई है। आज जितना केंद्र जितना खर्च कर रहा है उतना पहले कभी नही हुआ। आज यहां तमाम योजनाएं रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। मुद्रा योजना में बिना बैंक गारंटी लोन दे रहे हैं। गरीब व मध्यम वर्ग के लिए हमने बैंकों के दरवाजे खोल दिये हैं। उत्तराखंड के सुगंधित उत्पादो के लिए देश दुनिया मे बड़ा बाजार है। काशीपुर के अरोमा पार्क से रोजगार का सृजन होगा। आज दिल्ली व देहरादून में सेवा भाव वाली सरकारें हैं। पहले चलने वाली सरकारों ने हर क्षेत्र को अनदेखा किया। वन रैंक वन पेंशन के लिए, आधुनिक हथियारों के लिए, सेना को अधिकार देने में इन्होंने इंतज़ार ही कराया। डबल इंजन की सरकार पर आपका विश्वास व आशीर्वाद हम पर बना रहेगा। यह दशक उत्तराखंड का रहेगा।

इससे पहले मुख्‍यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश अपने खोए वैभव को पाने की ओर अग्रसर है। उनके ही नेतृत्व का कमाल है कि कश्मीर से धारा 370 खत्म की गई। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो रहा है। काशी में विश्वनाथ मंदिर का स्वरूप भव्य हो गया है। केदार भूमि के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। कोविड आपदा को जिस तरह से मोदी ने संभाला उसे पूरी दुनिया ने सरहा। न सिर्फ देश के लिए, बल्कि विदेशों को भी वैक्‍सीन उपल्‍ब्ध कराकर पूरे विश्‍व को राहत पहुंचाई। इससे पहले मोदी की रैली का विरोध करने जा रहे युवा कांग्रेस के नाज़िम अंसारी, सोनू कसार, शानू अल्वी समेत अन्‍य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने छतरी चौराहे पर गिरफ्तार कर लिया।
मोदी की सभा में मंच पर प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, सीएम पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी, सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट, राज्यसभा सदस्य व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नरेश बंसल समेत राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहेे।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply