Wednesday , May 8 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / उत्तराखंड : गरजे राहुल- पीएम नहीं, राजा हैं मोदी

उत्तराखंड : गरजे राहुल- पीएम नहीं, राजा हैं मोदी

  • ऊधमसिंह नगर पहुंचे कांग्रेस नेता ने कृषि कानूनों को लेकर मोदी को लिया आड़े हाथ

ऊधमसिंह नगर। आज शनिवार को तराई में किसानों को साधने के लिए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को राजा बता दिया उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान कांग्रेस सरकार में ही लौट सकता है। राहुल ने दिल्ली में किसानों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की।
किच्छा स्थित मंडी परिसर में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में राहुल गांधी के दो घंटे देरी से पहुंचे। जिसके बाद सभा दोपहर एक बजे से शुरू हो सकी। राहुल से पहले कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों ने जनता को संबोधित किया। इसके बाद राहुल ने कहा, ‘मैं किसानों को बधाई देना चाहता हूं कि तीन कानूनों के खिलाफ आप पहाड़ जैसे खड़े रहे। एक इंच हिले नहीं और एक कदम पीछे नहीं गए। आपने हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह बताना बहुत जरूरी था।’
उन्होंने कहा कि आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते, रास्ता भी दिखाते हो। सालों से यह क्रम जारी है। अंग्रेजों से लड़ाई बड़े उद्योगपतियों ने नहीं लड़ी थी। किसानों और मजदूरों ने लड़ी थी। मनमोहन सिंह का समय गोल्डन पीरियड था क्योंकि उस समय किसानों और सरकार के बीच पार्टनरशिप थी। सरकार के दरवाजे खुले थे। जो आपके दिल में था, वह कह सकते थे। उस समय के हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री था, आज के हिंदुस्तान में राजा है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं, राजा हैं। आज का राजा जनता की नहीं सुनता है।
राहुल ने कहा कि किसान एक साल ठंड और कोविड में सड़क पर खड़े थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने बात करने की कोशिश नहीं की। यूपीए सरकार के दौरान हमने किसानों की मांग पर 10 दिन में 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया था। हमारी मंशा आपके साथ पार्टनरशिप करने की है। जिससे आपको लगे कि यह आपकी सरकार है। वह गारंटी दे सकते हैं कि जो नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ किया। कांग्रेस पार्टी मर जाएगी, खत्म हो जाएगी, लेकिन ये कभी नहीं करेगी।
इससे पहले हरीश रावत ने कहा कि हरित क्रांति के जरिए पंत विश्वविद्यालय ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। श्वेत क्रांति, हरित क्रांति और दुग्ध क्रांति आदि की जनक इंदिरा गांधी थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जसपुर से लेकर मुनस्यारी तक कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी की शान में कसीदे गढ़े।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, खटीमा के प्रत्याशी भुवन कापड़ी, किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील राठी और ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, सुमित हृदेश, मीना शर्मा, गणेश गोदियाल, जगदीश तनेजा, तिलक राज बेहड़, सुमित्तर भुल्लर सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।

About team HNI

Check Also

ऋषिकेश: गंगा में डूबे युवक का शव बरामद, आठ लोगों का ग्रुप आया था घूमने

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला क्षेत्र के मस्तराम घाट में डूबे युवक का एसडीआरएफ ने शव बरामद …

Leave a Reply