उत्तराखंड में थम नहीं रहे लव जिहाद के मामले, उत्तरकाशी के बाद अब टिहरी में भी तनाव…
देहरादून। उत्तरकाशी के पुरोला में उपजे विवाद से टिहरी के नैनबाग में भी आक्रोश है। पुरोला में बीते दिनों एक धर्म विशेष के युवक समेत दो लड़कों द्वारा नाबालिग लड़की के अपहरण के प्रयास के बाद भड़की आग शांत होने का नाम नहीं ले रही है। जिले भर में मुस्लिम धर्म के व्यापारियों के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। उनकी दुकानों पर धमकी भरे पोस्टर लगाए गए हैं। पूरे जिले में तनाव का माहौल है।
वहीं नैनबाग में भी पूर्व में इस तरह के मामले प्रकाश में आए हैं। इसको देखते हुए व्यापार मंडल व हिंदू युवा वाहिनी ने मुस्लिम व्यापारियों को 15 दिन में दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी दिया गया। इसको लेकर व्यापार मंडल और हिंदू युवा वाहिनी ने 12 जून को बैठक आयोजित की है। इस मसले पर तीन जून को व्यापारियों ने बाजार बंद रखने के साथ प्रदर्शन भी किया था। वहीं पुरोला में हिंदू संगठनों की तरफ से 15 जून से पहले दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद अब तक पुरोला से 10 मुस्लिम व्यापारी सामान समेटकर जा चुके हैं। इनमें नौ व्यापारियों ने स्वेच्छा से, जबकि एक ने मकान मालिक के कहने पर दुकान खाली की।
इससे पहले गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के मोरी इलाके का एक मामला आया था। यहां मुजफ्फरनगर के रहने वाले नवाब नाम के एक युवक ने गुड्डू बनकर दो सगी बहनों से ऑनलाइन गेमिंग के जरिए दोस्ती की, आरोपी युवक इन दोनों बहनों से 2 साल से दोस्ती चला रहा था और आरोपी ने अपना नाम गुड्डू बताया हुआ था। गुरुवार को इस युवक ने दोनों सगी बहनों को आराकोट बुलाया, और आराकोट से यह युवक दोनों सगी बहनों को अपने साथ ले जा रहा था, इसी बीच परिवार वालों को भनक लग गई, परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि उत्तराखंड में अब तक धर्मांतरण के लगभग 13 मुकदमे दर्ज हो गए हैं। सबसे अधिक मुकदमे देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में दर्ज किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कह रहे हैं कि जो भी कुछ उनकी पुलिस को दिख रहा है और जो भी कुछ हो रहा है सब को बड़ी बारीकी से देखा जा रहा है। जो भी गलत होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई से कोई पीछे नहीं हटेगा, ना ही सरकार और ना ही पुलिस, हम उत्तराखंड को किसी भी आग में नहीं डाल सकते हैं। इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
