चर्चा मेंराष्ट्रीय

मानहानि मामले में पत्रकार प्रिया रमानी बरी

  • यौन उत्पीड़न के आरोप के खिलाफ पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने किया था केस, दिल्ली की कोर्ट ने केस को किया खारिज

नई दिल्ली। पत्रकार प्रिया रमानी ने वर्ष 2018 में एमजे अकबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। अकबर ने इस आरोप को गलत बताते हुए रमानी के खिलाफ मानहानि का केस किया था। आज बुधवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को मानहानि के मामले में बरी कर दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने रमानी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस किया था। रमानी ने एमजे अकबर के खिलाफ 2018 में #MeToo कैम्पेन के तहत यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, तब अकबर केंद्रीय मंत्री थे। अकबर ने रमानी के आरोपों को गलत बताते हुए उनके खिलाफ मानहानि का केस किया था।
अकबर कोर्ट में अपना केस साबित नहीं कर पाए और आज बुधवार को अदालत ने रमानी के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि एक महिला को यह अधिकार है कि वह किसी मामले में दशकों बाद भी किसी भी प्लेटफॉर्म पर शिकायत कर सकती है।
वर्ष 2017 में जर्नलिस्ट प्रिया रमानी ने ‘वोग’ मैगजीन के लिए एक आर्टिकल लिखा था। इसमें उन्होंने करीब 20 साल पहले नौकरी के लिए इंटरव्यू के दौरान बॉस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। 2018 में जब देश में #MeToo कैम्पेन शुरू हुआ, तब रमानी ने खुलासा किया कि उत्पीड़न करने वाले व्यक्ति एमजे अकबर थे। जब रमानी ने यह खुलासा किया, तब अकबर मोदी सरकार में मंत्री थे।
यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते 17 अक्टूबर 2018 को अकबर को मंत्री पद छोड़ना पड़ा। अकबर ने इसके बाद रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया। ट्रायल के दौरान अकबर ने अदालत को बताया कि रमानी के आरोप काल्पनिक हैं। इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर रमानी अपने दावों पर टिकी रहीं। इस मामले में एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार पांडे ने 1 फरवरी को दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
वर्ष 2008 में मूवी ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के सेट पर तनुश्री दत्ता के साथ कुछ घटना हुई थी। तनुश्री ने नाना पाटेकर और कोरियोग्राफर गणेश आचार्य पर आरोप लगाए थे। तब मामले ने इतना तूल नहीं पकड़ा। 10 साल बाद 2018 में तनुश्री भारत लौटीं और एक इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने उस घटना का दोबारा जिक्र किया। कुछ लोगों ने इसे #MeToo से जोड़ दिया। इसके बाद अभिनेता आलोक नाथ, केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर, केरल के विधायक माधवन मुकेश और डायरेक्टर विकास बहल भी यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिर गए थे।

Leave a Reply