हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एमबीपीजी कॉलेज की 24 वर्षीय छात्रा दिव्या आर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में एक 24 वर्षीय दिव्या आर्या, जो एमबीजी कॉलेज की ग्रेजुएशन फाइनल ईयर की छात्रा थी, अपने परिवार के साथ रहती थी और चार बहनों में सबसे बड़ी थी। पिता की एक साल पहले बीमारी से मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी मां पर थी, जो घरों में काम कर बेटियों का पालन-पोषण कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि 12 अप्रैल रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ खाना खाया और अपने कमरे में चली गई। इसी दौरान उसने अपने एक करीबी दोस्त को व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपने मोबाइल का पासवर्ड भेजा। यह मैसेज मिलने के बाद दोस्त को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उसने दिव्या को लगातार कॉल करना शुरू किया। बताया जा रहा है कि उसने करीब 40 बार कॉल किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। चिंतित होकर दोस्त जब उसके घर पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। दिव्या कमरे में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तुरंत हल्द्वानी के बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसके मैसेज, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने यह कदम किन कारणों से उठाया, लेकिन मोबाइल में मिले सुराग इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
Hindi News India