देहरादून। डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज रविवार को प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर धरना प्रदर्शन किया।
देहरादून में राजपुर रोड स्थित यूनिवर्सल पेट्रोल पंप के बाहर कांग्रेसी नेताओं ने धरना दिया। धरने प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, हरीश रावत, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार, लालचंद शर्मा, वीरेंद्र पोखरियाल, गरिमा दसौनी आदि शामिल हुए। डोईवाला में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया।
इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत ने सिर पर सिलिंडर उठाकर विरोध जताया।कांग्रेस के प्रदेश सचिव महेश जोशी ने कहा कि महंगाई की वजह से इस बार भी लोगों की दीपावली फीकी रही। हाल ही में उप चुनाव के नतीजों से केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार डरी सहमी है। इसलिए उन्होंने प्रदेश में पेट्रोल और डीजल में कुछ रुपए कम किए, लेकिन ये नाकाफी है। इसलिए जनता को बड़ी छूट दिए जाने की जरूरत है।
इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर सरकार ने पहले लूटा और फिर लूटे हुए धन को लोगों में बांट दिया। इस बार आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। टिहरी जिला मुख्यालय के साईं चौक बौराड़ी में शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौड़ियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में धरना दिया। उन्होंने कहा पहले तो सरकार ने 30 रुपये तक पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए और अब पांच रुपये कम कर महंगाई कम करने का नाटक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत न्यूनतम होने के बाद अब भाजपा के राज में सर्वाधिक महंगाई है। पड़ोसी देशों में डीजल और पेट्रोल के दाम बहुत कम हैं। खाद्य तेल के दाम भी 200 रुपये पार हो गया है।
हरिद्वार में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता खन्ना नगर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहीं खड़े रहकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उधर हल्द्वानी में नैनीताल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भी कांग्रेसी धरना प्रदर्शन करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सरकार का नाटक है। सरकार जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती रहेगी।