Wednesday , April 17 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / उत्तराखंड : भगवा रंग में रंग गई महिला कांग्रेस अध्यक्ष!

उत्तराखंड : भगवा रंग में रंग गई महिला कांग्रेस अध्यक्ष!

  • उनके साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा गुप्ता और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल

देहरादून। देवभूमि में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए नैनीताल से पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य आज सोमवार को भाजपा में शामिल हो गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें देहरादून में पार्टी की सदस्यता दिलवाई। उनके साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा गुप्ता और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं।
इससे पहले सरिता आर्य ने बगावती तेवरों से कांग्रेस मुख्यालय भवन का माहौल गरमाए रखा था। भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबरों के बाद उन्होंने शनिवार को पार्टी कार्यालय में साफ तौर पर कहा था-अभी तो मैं कांग्रेस में हूं, आगे का पता नहीं। लोकतंत्र है, हर कोई अपने लिए सोचने को स्वतंत्र है…। भाजपा टिकट देगी तो वह वहां से भी चुनाव लड़ लेंगी।
इससे पहले शुक्रवार देर रात सरिता आर्य के भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबर बाहर आई। इसके बाद पार्टी नेता उन्हें मनाने की जुगत में जुट गए। ‘सब कुछ ठीक है’ का संदेश देने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी उन्हें मनाते हुए कांग्रेस भवन लेकर आए, लेकिन यहां भी सरिता के बगावती तेवर जारी रहे।
भाजपा में जाने की संभावनाओं के बाबत पूछने पर उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के यूपी फार्मूले… ‘लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं…’ का जिक्र करते हुए कहा था कि उत्तराखंड में 40 नहीं तो कम से कम 20 प्रतिशत महिलाओं को टिकट मिलने चाहिये। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते पार्टी से जुड़ी तमाम महिलाओं के हकों की आवाज उठाना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन वे यह भी पूछ रही हैं कि जब आपका ही टिकट पक्का नहीं है तो हमारी आवाज कैसे उठाएंगी।
सरिता ने कहा था, यह प्रश्नचिह्न मेरे ऊपर लग गया है। पार्टी में हमारी अनदेखी की जा रही है। यहां महिलाओं की बात नहीं सुनी जा रही है। ऐसे में हमें अपने हितों के बारे में भी सोचना पड़ेगा। पार्टी में कई महिला कार्यकर्ता 20 से 30 सालों से जुड़ी हैं। वे मुझसे कह रही हैं यदि आप हमें यहां से टिकट नहीं दिला सकती तो हमारे पास दूसरे विकल्प मौजूद हैं। मैं भी कब तक किसको रोक सकती हूं। मैं खुद के लिए ही नहीं, तमाम दूसरी महिलाओं के लिए टिकट मांग रही हूं। भाजपा यदि मुझे टिकट देती है तो निश्चित तौर पर मैं भाजपा में चली जाऊंगी।
उन्होंने भाजपा नेताओं से मुलाकात की बात से तो इनकार किया, लेकिन यह भी कहा कि मैंने अपनी बात रख दी है। खुद को कांग्रेस की सच्ची सिपाही भी बताया। दूसरी ओर चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि मुझे नजरअंदाज किया गया तो मैं अपने बारे में सोचने के लिए स्वतंत्र हूं। आज सोमवार को उनके बगावती तेवरों का राज फाश हो गया और उन्होंने भगवा चोला ओढ़ लिया।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply