देहरादून। प्रदेशभर में सुबह आठ बजे से ही छोटी सरकार चुनने के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। 30 लाख से ज्यादा वोटर निकाय चुनाव में वोट डाल रहे हैं। ये वोटर 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। उत्तराखंड की 100 निकायों में 11 नगर निगम, 43 नगर पालिकाओं और 46 नगर पंचायतों के लिए आज मतदान चल रहा है। 100 निकायों में मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने 16,284 कर्मचारी को ड्यूटी पर लगाया है। इसके साथ ही 25,800 पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी में लगाए हैं। 11 नगर निगमों में मेयर के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। 89 नगर पालिका, नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 445 प्रत्याशी हैं। सभी निगम, पालिका, पंचायतों में वार्ड सदस्य/पार्षद के कुल 5405 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
दून में 20 पिंक बूथ महिलाओं को कर रहे जागरूक
दून में महिलाओं को मतदान करने के प्रति जागरूक करने और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 20 पिंक बूथ सजाकर तैयार किए गए हैं। इन बूथों में महिला कार्मिक एवं सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगायी गई है। यहां सिर्फ महिलाएं ही मतदान कर सकेंगी। शहर के सभी पिंक बूथ को गुलाबी गुब्बारों, होर्डिंग एवं बैनर से सजाया गया है। ताकि अधिक से अधिक महिलाएं यहां पहुंचकर मेयर और पार्षद के लिए अपना मतदान करें। सभी पिंक बूथ में एक-एक महिला पीठासीन अधिकारी और दो-दो महिला मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगायी है। कुल मिलाकर करीब 60 महिलाकार्मिकों की ड्यूटी लगी है।
इसके अलावा करीब 60 महिला सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जिसमें एक-एक महिला उपनिरीक्षक और दो-दो महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। निर्भीकता से महिलाएं यहां पहुंचकर अपना चुनाव कर सकती है। सभी कर्मचारियों को महिलाओं के साथ समन्वय बनाकर मतदान कराने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। ताकि महिलाओं को यहां मतदान करने में किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
रुड़की के मतदान केंद्र पर पार्टी चिन्ह को लेकर हंगामा
रुड़की में भगवानपुर नगर पंचायत के एक मतदान केंद्र पर एक पार्टी की पर्ची के चिन्ह को लेकर हंगामा हो गया। विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश विरोध करते हुए मतदान केंद्र के अंदर घुस गए। जिसे लेकर एजेंट ने विरोध किया। इसे लेकर मौके पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।
उधम सिंह नगर के मतदाताओं में दिख रहा है उत्साह
उधम सिंह नगर में निकाय चुनाव का मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। यहां मतदाताओं में वोटिंग को लेकर खासा जोश दिखाई दे रहा है। सुबह 8 बजे से ही लोग लाइन में लगकर वोट डाल रहे हैं।
सीएम धामी ने वोटरों से कहा- ‘पहले मतदान, फिर जलपान’
सीएम धामी ने निकाय चुनाव के लिए उत्तराखंड के मतदाताओं को संदेश दिया है. सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- “पहले मतदान, फिर जलपान !” प्रिय मतदातागण, निकाय चुनावों में आपका वोट आपके नगर की प्रगति को सुनिश्चित करने की दिशा में पहला कदम है। यह चुनाव हमारे नगरों की व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए एक सुनहरा अवसर है। मैं आप सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि अपने मताधिकार का सदुपयोग करें और एक सक्षम प्रत्याशी का चुनाव कर अपने नगर के विकास में भागीदार बनें। आइए, हम सभी मिलकर उत्तराखण्ड के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प लें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जय हिंद ! …जय उत्तराखण्ड !